फोर्ट्रेस चेक में फिरोजपुर मंडल की बड़ी सफलता, लुधियाना स्टेशन पर 993 बिना टिकट यात्री पकड़े

फोर्ट्रेस चेक में फिरोजपुर मंडल की बड़ी सफलता, लुधियाना स्टेशन पर 993 बिना टिकट यात्री पकड़े

विशेष अभियान से रेलवे को मिला ₹4.64 लाख का राजस्व, यात्रियों से नियमों के पालन की अपील

लुधियाना। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने रेलवे राजस्व की सुरक्षा और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से लुधियाना रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक के तहत विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया। इस अभियान में टिकट जांच स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में व्यापक जांच की।

अभियान के दौरान कुल 993 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे लगभग 4.64 लाख रुपये का रेल राजस्व वसूल किया गया। इस कार्रवाई को यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रेलवे की आय को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार,फोर्ट्रेस चेक एक विशेष और सघन जांच अभियान है, जिसके तहत किसी स्टेशन, ट्रेन या रेलखंड पर बिना पूर्व सूचना व्यापक टिकट जांच की जाती है। अभियान के दौरान यात्रियों के टिकट, पहचान पत्र और रेलवे नियमों के अनुपालन की गहन पड़ताल की जाती है ताकि अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और रेलवे की पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे।

रेलवे की इस प्रभावी कार्रवाई से न केवल राजस्व संरक्षण को मजबूती मिली है, बल्कि ईमानदार यात्रियों के हितों की रक्षा और अनुशासित यात्रा संस्कृति को भी बढ़ावा मिला है।