मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिनों में 71 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कटड़ा। जम्मू-कश्मीर स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। गर्मी की छुट्टियों के बीच देशभर से बड़ी संख्या में भक्त मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंच रहे हैं। बीते दो दिनों में 71 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में माथा टेककर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

शनिवार को करीब 32 हजार श्रद्धालु यात्रा पर्ची लेकर भवन की ओर रवाना हुए, जबकि शुक्रवार को लगभग 39 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से कटड़ा नगर, यात्रा मार्ग और भवन परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

गर्मियों की छुट्टियों और देशभर के स्कूल-कॉलेजों में अवकाश के चलते यात्रा अपने चरम पर पहुंच गई है। प्रतिदिन 40 से 45 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस,सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह मुस्तैद हैं। यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

शनिवार सुबह त्रिकुटा पर्वत पर बादलों की आवाजाही के कारण मौसम सुहावना बना रहा, जिससे यात्रियों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर में उमस बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और जय माता दी के जयकारों के बीच भक्त लगातार भवन की ओर बढ़ते रहे।

मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरों घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि बाबा भैरवनाथ के दर्शन के बाद ही माता की यात्रा पूर्ण मानी जाती है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग और भवन परिसर में स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहायता, सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे केबल कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं।

मौसम में लगातार बदलाव के बावजूद माता वैष्णो देवी यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है। श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के इस अद्भुत संगम ने कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत को इन दिनों पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय वातावरण से भर दिया है। ?जय माता दी? के उद्घोष के साथ हजारों श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचकर आस्था का अनुपम उदाहरण पेश कर रहे हैं।