वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षण, एसएसपी रियासी ने पैदल किया सुरक्षा ऑडिट

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षण, एसएसपी रियासी ने पैदल किया सुरक्षा ऑडिट

रियासी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेन्द तिबरेवाल ने रविवार को श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और भवन क्षेत्र का व्यापक पैदल सुरक्षा निरीक्षण किया।

इस दौरान उनके साथ एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी, एसडीपीओ कटड़ा, एसडीपीओ भवन, एसएचओ कटड़ा, एसएचओ भवन के अलावा सीआरपीएफ और पुलिस सुरक्षा विंग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न प्रवेश बिंदुओं पर श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग, फ्रिस्किंग प्रक्रिया और बैगेज स्कैनिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली की जांच की। साथ ही यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और उनकी तैनाती की समीक्षा की गई।

एसएसपी ने सांझीछत क्षेत्र में हेलिपैड और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ऑडिट किया, ताकि हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा उन्होंने भवन और यात्रा मार्ग पर तैनात जवानों के आवासीय स्थलों का निरीक्षण कर उनकी सुविधाओं और कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए एसएसपी ने सभी सुरक्षा कर्मियों को अत्यधिक सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रात और विषम समय में नियमित गश्त बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि किसी भी असामाजिक या राष्ट्रविरोधी गतिविधि को रोका जा सके।

एसएसपी मुकेन्द तिबरेवाल ने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में लगातार सतर्कता, सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित सुरक्षा ऑडिट बेहद जरूरी है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके।