श्राइन बोर्ड ने उत्साह और भव्यता के साथ मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, दिया स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का संदेश

श्राइन बोर्ड ने उत्साह और भव्यता के साथ मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, दिया स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का संदेश

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन रविवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया। कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में श्राइन बोर्ड के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और अन्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता दिखाई।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रही। कार्यक्रम का उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, मानसिक शांति और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।

इसके बाद भारतीय योग संस्थान के अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पूरे आयोजन स्थल पर सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर जीवन में संतुलन और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड लगातार स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में श्राइन बोर्ड द्वारा क्षेत्र में खेल, फिटनेस और योग जैसी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आज पूरे क्षेत्र में खेल और स्वास्थ्य गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भवन और अर्धकुंवारी में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जहां श्राइन बोर्ड कर्मचारियों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्ष 2016 में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन के बाद से श्राइन बोर्ड लगातार योग दिवस का आयोजन कर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।

इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि निरोग जीवन, मानसिक शांति और समग्र विकास की सबसे सशक्त जीवनशैली है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी गई।