12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जम्मू मंडल बना योगमय, रेल कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

जम्मू। जम्मू मंडल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक शांति के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य का संदेश दिया।

मुख्य आयोजन ऑफिसर्स क्लब जम्मू में आयोजित हुआ, जहां सुबह से ही योग को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्मिक विभाग के नेतृत्व में हुए इस आयोजन के साथ-साथ मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और कार्यालयों में भी सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए भारतीय योग संस्थान, जम्मू के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही शुरुआती और नियमित साधकों को योग की तकनीकों की बारीकियां भी समझाई गईं।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव से मुक्ति और मानसिक संतुलन बनाए रखने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम योग है। उन्होंने रेलवे परिवार के सभी सदस्यों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

वहीं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने कहा कि यह आयोजन जम्मू मंडल की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। स्वस्थ और खुशहाल कर्मचारी ही यात्रियों को बेहतर सेवाएं दे सकते हैं।

जम्मू मंडल ने इस अवसर पर यह संदेश भी दिया कि योग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि रेलवे परिवार के बीच एकता, सामुदायिक भावना और सकारात्मक ऊर्जा को भी मजबूत करता है।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल