वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हंगामा करने वाले 4 पिट्ठू मजदूरों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हंगामा करने वाले 4 पिट्ठू मजदूरों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

कटड़ा। रियासी पुलिस ने श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को परेशान करने और अव्यवस्था फैलाने के मामले में चार पिट्ठू मजदूरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट और हंगामा करते नजर आए थे।

पुलिस के अनुसार यह घटना श्री माता वैष्णो देवी भवन जाने वाले यात्रा मार्ग पर हुई थी, जहां चार पिट्ठू मजदूर आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस वजह से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ा। वीडियो सामने आने के बाद बाणगंगा पुलिस चौकी ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान चारों लोगों की पहचान आरिफ हुसैन, अब्दुल कय्यूम, इम्तियाज अहमद और जावेद अहमद के रूप में हुई। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत निवारक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायालय में इस्तगासा भी पेश किया जाएगा।

रियासी पुलिस ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।