गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, जम्मू मंडल ने तीन ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त 3AC कोच

गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, जम्मू मंडल ने तीन ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त 3AC कोच

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने गर्मियों की छुट्टियों और तीर्थयात्रा सीजन में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी पहल की है। मंडल प्रशासन ने तीन प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का निर्णय लिया है, जिससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 04082 में 30 जून 2026 से 4 अगस्त 2026 तक एक अतिरिक्त 3AC कोच लगाया जाएगा। वहीं ट्रेन संख्या 12426 में 27 जून 2026 से 3 अगस्त 2026 तक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 22402 में 21 जून 2026 से 23 जून 2026 तक एक अतिरिक्त 3AC कोच की व्यवस्था की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक 3AC कोच में लगभग 72 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सकेगा और लंबी दूरी की यात्रा पहले से अधिक आरामदायक बनेगी। खासतौर पर परिवार या समूह में यात्रा करने वाले यात्रियों को एक साथ सीट मिलने में सुविधा होगी।

इस फैसले पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। गर्मियों के मौसम में जम्मू, श्रीनगर और मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए इन ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त 3AC कोच लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा के साथ प्रतीक्षा सूची की समस्या से भी राहत मिलेगी।

जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे द्वारा दी जा रही इस अतिरिक्त सुविधा का लाभ उठाएं और अनधिकृत यात्रा से बचें।

यह जानकारी जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह द्वारा जारी की गई।