जम्मू मंडल में सीनियर डीसीएम उचित सिंघल का छापा, बिना टिकट यात्रियों की नहीं चली चालाकी

उत्तर रेलवे का बड़ा अभियान: जम्मू मंडल में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई, 51 यात्री पकड़े गए

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल यात्राओं को अनुशासित बनाने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को विशेष औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में ट्रेन संख्या 26404 में चलाया गया।

अभियान के दौरान टिकट जांच टीम ने सघन जांच की, जिसमें 51 यात्री बिना टिकट या बिना वैध आरक्षण के यात्रा करते हुए पाए गए। रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन यात्रियों से कुल 40,650 रुपये जुर्माना वसूल किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। गर्मी और छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में बिना टिकट यात्रा करने वालों के कारण रेलवे को आर्थिक नुकसान होता है और नियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल लगातार यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक कर रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे चाहता है कि यात्री अनुशासित तरीके से यात्रा करें ताकि सभी को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में भी ऐसे औचक चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

रेलवे ने यह भी कहा कि अगर किसी यात्री को यात्रा के दौरान निर्धारित स्टेशन से आगे जाना हो तो वह पहले टीटीई से अनुमति लेकर यात्रा विस्तार कराए, जिससे अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सके।

राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जम्मू मंडल का लक्ष्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।