बारिश में भी नहीं थमी आस्था: मां वैष्णो देवी धाम में एक दिन में 44 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मां वैष्णो देवी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 44 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बारिश में भी नहीं रुके कदम

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब लगातार उमड़ रहा है। शुक्रवार को मौसम में बदलाव और हल्की बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। पिछले 24 घंटों में करीब 44 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शुक्रवार तड़के से ही कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में बादल छाए रहे। दिनभर रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी आराम मिला। सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ ?जय माता दी? के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए।

मौसम में बदलाव का असर कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा पर भी पड़ा। दोपहर बाद खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। हालांकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैटरी कार सेवा, रोपवे सेवा, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवा लगातार सुचारु रूप से चलती रहीं, जिनका यात्रियों ने भरपूर उपयोग किया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग पर श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, और आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी एवं जवान तैनात हैं। सभी एजेंसियां यात्रा पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार कटड़ा पहुंच रहे हैं। इसके चलते भवन परिसर, यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा पूरी तरह भक्तिमय माहौल में नजर आ रहा है। दर्शन करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद और अन्य धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय बाजारों में भी अच्छी रौनक बनी हुई है।

यात्रा की निगरानी के लिए मां वैष्णो देवी भवन और कटड़ा स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।

आंकड़ों के अनुसार 18 जून को 43 हजार 400 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई, जबकि 19 जून को दोपहर 2 बजे तक करीब 21 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

बरसात, ठंडी हवाएं और पहाड़ों के बीच गूंजते जय माता दी के जयकारे यह बता रहे हैं कि आस्था के आगे मौसम की कोई बाधा नहीं होती। मां वैष्णो देवी धाम इन दिनों पूरी तरह श्रद्धालुओं की भक्ति और विश्वास से सराबोर है।