अमरनाथ यात्रा और ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए जम्मू रेलवे स्टेशन पर चला विशेष सुरक्षा अभियान

अमरनाथ यात्रा और ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए जम्मू रेलवे स्टेशन पर चला विशेष सुरक्षा अभियान

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने ग्रीष्मकालीन अवकाश और आगामी अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को जम्मू रेलवे स्टेशन पर विशेष सुरक्षा एवं सघन जांच अभियान चलाया। इस संयुक्त अभियान में राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग के टिकट जांच दल ने मिलकर स्टेशन परिसर में व्यापक जांच की।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार हर वर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू पहुंचते हैं। जम्मू रेलवे स्टेशन बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार होने के कारण यात्रा सीजन में यहां यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।

संयुक्त जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों ने स्टेशन पर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज और पार्किंग क्षेत्र की गहन तलाशी ली। इस दौरान संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी गई। वहीं टिकट जांच दल ने बिना टिकट, बिना आरक्षण और अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की। यात्रियों को वैध टिकट और पहचान पत्र साथ रखने के लिए भी जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान यात्रियों को आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी भी दी गई और उनसे अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या राजकीय रेलवे पुलिस को दें।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश और यात्रा सीजन के दौरान जम्मू स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और टिकट जांच दल का यह संयुक्त अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा उद्देश्य है कि हर पर्यटक और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित यात्रा कर सके। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अधिकृत टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का सही उपयोग करें।

जम्मू मंडल ने भरोसा दिलाया है कि अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और आगे भी लगातार किए जाते रहेंगे।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल