ढंडारी कलां स्टेशन पर विशेष अभियान, दो अवैध वेंडरों पर जुर्माना; पेंट्रीकार लाइसेंसी पर भी कार्रवाई की तैयारी

फिरोजपुर मंडल की बड़ी कार्रवाई: 70 पेटियां अनधिकृत पानी जब्त, दो अवैध वेंडरों पर जुर्माना

लुधियाना। यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा अवैध वेंडिंग और अनधिकृत खाद्य सामग्री के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ढंडारी कलां रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अनधिकृत पानी की 70 पेटियां बरामद की गईं, जबकि दो अवैध वेंडरों पर जुर्माना भी लगाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व वाणिज्य निरीक्षक लुधियाना अजयपाल सिंह ने किया। जांच के दौरान ट्रेन संख्या 14618 अमृतसर?पूर्णिया कोर्ट जन सेवा एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में चढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म पर रखी निषिद्ध (अनएप्रूव्ड ब्रांड) पानी की 70 पेटियां बरामद हुईं।

अभियान के दौरान दो अनधिकृत वेंडर भी पेंट्रीकार में कार्य करते पाए गए। रेलवे अधिकारियों ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया। इसके साथ ही संबंधित पेंट्रीकार लाइसेंसी द्वारा नियमों के उल्लंघन के मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए आईआरसीटीसी अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और हित रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध वेंडिंग तथा अनधिकृत खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और एजेंसियों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाली खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।