मुरादाबाद: पाकबड़ा क्षेत्र में कार्रवाई,सामग्री बरामद, टीम ने की बड़ी कार्रवाई

पाकबाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, डेयरी से दही नष्ट, घी सीज

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुरादाबाद के पाकबाड़ा क्षेत्र में मिलावटखोरी और बिना पंजीकरण चल रहे डेयरी कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक डेयरी पर छापेमारी की।

खाद्य सुरक्षा टीम ने इस्लामनगर, पाकबाड़ा स्थित लियाकत पुत्र शराफत की डेयरी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान डेयरी बिना पंजीकरण संचालित होती पाई गई। मौके पर रखे करीब 120 किलोग्राम दही, जिसकी अनुमानित कीमत 4,800 रुपये थी, को मानक के अनुरूप न पाए जाने पर नष्ट करा दिया गया और डेयरी का कार्य तत्काल बंद करा दिया गया।

इसके अलावा लियाकत की डेयरी से करीब 301 किलोग्राम घी का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए सीज कर दिया गया। वहीं राज डेयरी, काठ से भी घी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश, लखनऊ की आयुक्त के आदेश के क्रम में की गई। सहायक आयुक्त खाद्य, मुरादाबाद के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार, प्रवीण सिंह और राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।

सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।