मुरादाबाद में पीएसी कैंटीन में लगी भीषण आग, अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

मुरादाबाद में पीएसी कैंटीन में लगी भीषण आग, अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

प्रांतीय सशस्त्र आरक्षी दल की 24वीं वाहिनी परिसर स्थित कैंटीन में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना दोपहर लगभग 2 बजकर 18 मिनट पर अग्निशमन विभाग को मिली, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए मुरादाबाद से दो फायर वाहन मौके के लिए रवाना किए गए।

घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि 24वीं वाहिनी परिसर की निजी जलपान कैंटीन में आग तेजी से फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन दल ने तुरंत मोटर फायर इंजन से पाइप लाइन बिछाकर पानी की तेज बौछारों के जरिए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में दमकल कर्मियों ने लगातार कड़ी मेहनत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण गैस सिलेंडर फटना बताया जा रहा है, जिससे कैंटीन में अचानक आग भड़क उठी।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को समय रहते बुझा दिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर मिली सूचना और अग्निशमन विभाग कर्मियों की तत्परता के कारण स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।