मुरादाबाद में त्रिवेणी डिस्टिलरी यूनिट में अग्निशमन विभाग ने कराया मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने का दिया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को त्रिवेणी डिस्टिलरी यूनिट में मॉक ड्रिल एवं निकासी अभ्यास कराया गया।

यह अभ्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अग्निशमन केंद्र ठाकुरद्वारा के प्रभारी मोहित कुमार द्वारा किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने, प्राथमिक सुरक्षा उपाय अपनाने और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के महत्व को समझाया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आग पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन करते हुए बताया कि किसी भी औद्योगिक इकाई में सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। अभ्यास के दौरान परिसर से सुरक्षित निकासी की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से कराया गया।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को आपदा के समय तैयार रखना और किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जनहानि तथा नुकसान को न्यूनतम करना है। इस दौरान यूनिट के कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।