कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026: प्रयागराज मंडल अलर्ट मोड पर, परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त व्यवस्थाओं की तैयारी

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026: प्रयागराज मंडल अलर्ट मोड पर, परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त व्यवस्थाओं की तैयारी

  • 8, 9 और 10 जून को होने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए विशेष तैयारी।
  • जरूरत पड़ने पर एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन।
  • प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, इटावा और मिर्जापुर में अतिरिक्त रेक तैयार।
  • प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती।
  • सीसीटीवी निगरानी, सक्रिय पूछताछ केंद्र और विशेष यात्री सहायता व्यवस्था।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंडल प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना लागू की है।

प्रयागराज मंडल ने मंडल कार्यालय में एक विशेष वार रूम स्थापित किया है, जहां अधिकारियों की तैनाती कर रेलवे संचालन और यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, इटावा और मिर्जापुर स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ते ही विशेष ट्रेनें चलाई जा सकें। वहीं प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला और मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। टिकट काउंटरों पर पर्याप्त स्टाफ, सक्रिय पूछताछ केंद्र, नियमित उद्घोषणाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। रेलवे कर्मचारियों को परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन करने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों और यात्री मांग के अनुसार कुछ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा सकते हैं, उनके संचालन समय में बदलाव किया जा सकता है या मार्ग में अतिरिक्त ठहराव भी दिए जा सकते हैं, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस लौटने में सुविधा मिल सके।

प्रयागराज मंडल ने सभी परीक्षार्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने, वैध टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। रेलवे का लक्ष्य परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।