चंडीगढ़ में फिरोजपुर मंडल की बड़ी पहल, एफसीआई और सीडब्ल्यूसी के साथ माल ढुलाई बढ़ाने पर मंथन

फिरोजपुर। रेलवे के माल यातायात व्यवसाय को मजबूत बनाने और प्रमुख ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) ने चंडीगढ़ में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) के क्षेत्रीय कार्यालयों में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित कीं।

एफसीआई के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में महाप्रबंधक नीतिका पवार (आईएएस), फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी सहित दोनों संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में रेलवे की माल ढुलाई सेवाओं, समयबद्ध रेक उपलब्धता, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्थाओं और परिवहन प्रक्रिया को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने भविष्य में फ्रेट ट्रैफिक बढ़ाने, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने तथा माल परिवहन में रेलवे की भागीदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया।

इसी क्रम में केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) के क्षेत्रीय कार्यालय में भी बैठक आयोजित की गई। इसमें सीडब्ल्यूसी के महाप्रबंधक नवीन कुमार तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान माल ढुलाई सुविधाओं के विस्तार, ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और रेलवे के माध्यम से अधिक माल परिवहन सुनिश्चित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी बैठकें रेलवे और उद्योगों के बीच सहयोग को नई मजबूती देंगी तथा माल यातायात में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी।