टिकट जांच के साथ डिजिटल जागरूकता अभियान, यात्रियों को बताए गए रेलवन ऐप के फायदे

फिरोजपुर। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकसित ?रेलवन? ऐप यात्रियों के लिए एक समग्र डिजिटल समाधान के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित एवं अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकट अपने मोबाइल फोन से ही आसानी से बुक कर सकते हैं, साथ ही रेल यात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ भी एक ही मंच पर प्राप्त कर सकते हैं।

इसी उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने गुरुवार, 4 जून 2026 को विभिन्न ट्रेनों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। टिकट जांच के दौरान यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने, डिजिटल टिकटिंग अपनाने तथा ऐप में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि रेलवन ऐप पर टिकट बुकिंग के अलावा ट्रेन की लाइव रनिंग स्थिति, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन पूछताछ, प्लेटफॉर्म जानकारी और रेलमदद जैसी सेवाएं भी उपलब्ध हैं। इससे यात्रियों को यात्रा संबंधी अधिकांश जानकारियां एक ही स्थान पर आसानी से मिल जाती हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि रेलवन ऐप यात्रियों के लिए एक डिजिटल साथी की तरह कार्य कर रहा है। इसके उपयोग से टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलती है, नकदी और छुट्टे पैसों की समस्या से बचाव होता है तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलने से कागज की खपत कम होकर पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है।

उन्होंने बताया कि अनारक्षित टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग पर निर्धारित नियमों के अनुसार यात्रियों को 3 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। इससे डिजिटल माध्यमों के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है।

अभियान के दौरान यात्रियों ने भी रेलवन ऐप की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से टिकट बुकिंग और यात्रा की योजना बनाना पहले की तुलना में अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है। फिरोजपुर मंडल द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने और स्मार्ट रेल यात्रा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।