फिट इंडिया मिशन के तहत फिरोजपुर मंडल में निकली साइकिल रैली, दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

फिरोजपुर फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत रविवार को फिरोजपुर रेल मंडल द्वारा "संडे ऑन साइकिल" अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ मंडल कार्यालय से हुआ और यह झोक रोड तक निकाली गई। प्रतिभागियों ने सुबह की ताजगी भरी हवा में साइकिल चलाते हुए ?स्वस्थ शरीर, स्वस्थ भारत? का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और फिटनेस के प्रति जागरूक करना था।

रैली में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य एवं फ्रेट प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी, मंडल यांत्रिक अभियंता अचरज गुप्ता, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी सुनील कैट सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन शामिल हुए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि फिट रहने के लिए अधिक से अधिक लोगों को साइकिल चलाने की आदत अपनानी चाहिए। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने फिट इंडिया मिशन को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिट इंडिया मिशन के उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।