बिना टिकट वालों पर प्रयागराज मंडल का शिकंजा, मई में 10.51 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला

प्रयागराज मंडल का सघन टिकट चेकिंग अभियान सफल, मई में 1.44 लाख से अधिक यात्री प्रभारित, 10.51 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मई 2026 के दौरान चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अभियान के तहत एक माह में 1.44 लाख से अधिक यात्रियों को प्रभारित करते हुए 10.51 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ टिकट रहित और अनियमित यात्रा पर रोक लगाना है।

रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 मई से 30 मई 2026 तक चलाए गए अभियान में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड लगेज तथा धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 1,44,000 यात्रियों को प्रभारित कर 10,51,15,566 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान 63,462 बिना टिकट यात्रियों से 6.03 करोड़ रुपये, 76,629 अनियमित यात्रियों से 4.34 करोड़ रुपये, 22 मामलों में अनबुक्ड लगेज से जुर्माना तथा 12,962 यात्रियों से धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने के मामलों में 9.34 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल राजस्व वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वैध टिकट के साथ यात्रा को प्रोत्साहित करना भी है। टिकट रहित यात्रा से रेलवे को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ वैध टिकटधारक यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

प्रयागराज मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट के साथ ही सफर करें, रेल परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना रेलवे अधिकारियों को दें।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष टिकट चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।