प्रयागराज मंडल ने रचा इतिहास, टिकट जांच में एक दिन में 48.50 लाख रुपये की रिकॉर्ड आय

प्रयागराज मंडल ने रचा इतिहास, टिकट जांच में एक दिन में 48.50 लाख रुपये की रिकॉर्ड आय

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, सघन टिकट जांच अभियान से बढ़ा राजस्व

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने टिकट जांच के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 23 मई 2026 को एक ही दिन में 48 लाख 50 हजार रुपये की रिकॉर्ड आय अर्जित की है। यह मंडल की अब तक की सर्वाधिक एकदिवसीय टिकट जांच आय मानी जा रही है।यह उपलब्धि पिछले वर्ष इसी तिथि पर प्राप्त 26 लाख रुपये की आय की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती है। इसके साथ ही मंडल ने पूर्व में स्थापित 45 लाख रुपये की सर्वाधिक एकदिवसीय आय के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस रिकॉर्ड आय में विभिन्न श्रेणियों के टिकट जांच कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्क्वाड स्टाफ द्वारा 26 लाख रुपये, अमेनिटी स्टाफ द्वारा 16 लाख रुपये तथा स्टेशनरी स्टाफ द्वारा 6 लाख 50 हजार रुपये की आय अर्जित की गई।रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभूतपूर्व सफलता प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बृजेश कुमार के मार्गदर्शन, मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के प्रेरणादायी नेतृत्व तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान, सतत निगरानी और बेहतर समन्वय का परिणाम है।मंडल प्रशासन द्वारा टिकट जांच कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन योजना भी चलाई जा रही है। इसी क्रम में गत माह मंडल के सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले 5 स्क्वाड स्टाफ तथा 5 अमेनिटी स्टाफ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस पहल से कर्मचारियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित हुई है।रेलवे ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को आगे भी सम्मानित किया जाता रहेगा। प्रयागराज मंडल द्वारा राजस्व वृद्धि, यात्री अनुपालन तथा टिकट जांच व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।इस ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ उपलब्धि पर मंडल के सभी टिकट जांच कर्मचारियों एवं संबंधित अधिकारियों को बधाई दी गई है।