प्रयागराज मंडल में चला सघन टिकट चेकिंग अभियान, लाखों रुपये की वसूली

प्रयागराज। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने तथा टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में 28 मई 2026 को संचालित किया गया।अभियान के तहत प्रयागराज छिवकी एवं प्रयागराज जंक्शन सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में स्क्वाड ड्यूटी के माध्यम से व्यापक टिकट जांच की गई। टिकट चेकिंग स्टाफ ने सतर्कता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।उप मुख्य टिकट निरीक्षक प्रयागराज छिवकी रविकांत त्रिपाठी ने स्क्वाड ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 134 मामले दर्ज किए तथा ₹1,56,650 की रिकॉर्ड व्यक्तिगत टिकट चेकिंग आय अर्जित की। उनकी यह उपलब्धि उनकी कर्तव्यनिष्ठ एवं सजग कार्यशैली को दर्शाती है।इसी क्रम में उप मुख्य टिकट निरीक्षक प्रयागराज कौशल कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 मामले दर्ज किए तथा ₹1,15,700 की टिकट चेकिंग आय अर्जित की। रेलवे प्रशासन ने उनके योगदान को टिकट जांच व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण बताया।रेलवे अधिकारियों ने कहा कि दोनों कर्मचारियों का यह प्रदर्शन न केवल प्रयागराज मंडल के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य टिकट चेकिंग कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।प्रयागराज मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा में सहयोग प्रदान करें।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल