भंडारा रोड स्टेशन पर चला मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 19 ट्रेनों की जांच में रेलवे ने वसूले ₹75 हजार से अधिक

भंडारा रोड स्टेशन पर चला मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 19 ट्रेनों की जांच में रेलवे ने वसूले ₹75 हजार से अधिक

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए चलाए गए विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता हासिल हुई है। 26 मई 2026 को भंडारा रोड स्टेशन पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 19 ट्रेनों की सघन जांच की गई, जिसमें 200 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने कुल ₹75,480 की वसूली की।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के साथ-साथ विभिन्न ट्रेनों में भी व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करने वालों और अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान में श्रेणी A के बिना टिकट यात्रा के 100 मामलों से ₹52,375, श्रेणी ?B? के 35 अनियमित यात्रा मामलों से ₹16,505, श्रेणी C के 64 अनियमित लगेज मामलों से ₹6,400 तथा धूम्रपान के एक मामले से ₹200 की वसूली की गई।

विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) अरविंद साव ने किया। इस दौरान 03 सीटीआई, 15 टीटीई, 02 सीआई, 01 एमटीएस एवं 02 आरपीएफ कर्मियों सहित वाणिज्य और सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। रेलवे प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।