विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 : नागपुर मंडल में चला स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर जागरूकता अभियान

नागपुर,दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 15 मई से 5 जून 2026 तक संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में लगातार जारी है।अभियान के तहत मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्र तथा प्लास्टिक में कमी और सतत व्यवहार विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की गई।नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, गोंदिया, राजनांदगांव, छिंदवाड़ा, डोंगरगढ़, नैनपुर, सिवनी एवं भंडारा सहित विभिन्न स्टेशनों पर वाणिज्य, चिकित्सा एवं यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों ने स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से यात्रियों और आमजन को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।इस दौरान स्टेशन परिसरों, कैटरिंग यूनिट्स और खानपान स्टालों पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा इको-फ्रेंडली कटलरी अपनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यात्रियों, वेंडर्स एवं कर्मचारियों को पेपर कप, लकड़ी के चम्मच, अरेका प्लेट और पुनः उपयोग योग्य सामग्री के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया।रेलवे द्वारा यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने और पुनः उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से प्लास्टिक बोतलों एवं अन्य प्लास्टिक सामग्री के सीमित उपयोग की अपील की जा रही है। साथ ही यात्रियों से सुझाव एवं फीडबैक लेकर पर्यावरण हितैषी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।रेलवे प्रशासन ने खानपान एवं अन्य सेवा प्रदाताओं से भी अपील की है कि वे वर्जिन प्लास्टिक उत्पादों के स्थान पर पुनर्चक्रित प्लास्टिक अथवा पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें। इस पहल का उद्देश्य रेलवे परिसरों में प्लास्टिक कचरे को कम करना और स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करना है।स्टेशनों पर पोस्टर, बैनर और जनसंदेशों के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर का संदेश प्रसारित किया गया। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को अपशिष्ट पृथक्करण एवं स्वच्छता प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि यह अभियान स्वच्छ रेलवे ? हरित रेलवे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यात्रियों एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।