डीआरएम कप इंटर अकादमी फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य समापन, गोल्डन ईगल्स बनी ओवरऑल चैंपियन

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तत्वावधान में रेलवे फुटबॉल ग्राउंड, मोतीबाग में आयोजित डीआरएम कप इंटर अकादमी फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य समापन उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले अंडर-10, अंडर-12 एवं अंडर-15 वर्गों में खेले गए, जिनमें गोल्डन ईगल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों आयु वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ खेल अधिकारी दिलीप सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, टीम भावना एवं शारीरिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य के लिए बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।वहीं वरिष्ठ खेल अधिकारी दिलीप सिंह ने कहा कि नागपुर मंडल खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों का उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन यह दर्शाता है कि भविष्य में ये खिलाड़ी बड़े स्तर पर मंडल एवं रेलवे का नाम रोशन करेंगे।फाइनल मुकाबलों में अंडर-10 वर्ग में गोल्डन ईगल्स ने राइजिंग स्पार्टन्स को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-12 वर्ग में गोल्डन ईगल्स ने रॉयल वॉरियर्स को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से मात दी, जबकि अंडर-15 वर्ग में गोल्डन ईगल्स ने राइजिंग स्पार्टन्स को 2-0 से पराजित कर चैंपियनशिप जीत ली।पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।