सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में 15 मई से 5 जून 2026 तक ?क्लाइमेट चेंज? थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर और आसपास स्थित उद्यानों में पौधारोपण किया गया तथा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य हरित वातावरण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए चल रहे व्यापक अभियान

प्रयागराज मंडल में मिशन लाइफ और विश्व पर्यावरण दिवस-2026 थीम के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

यात्रियों और कर्मचारियों को पुन: उपयोग योग्य बोतलों, कपड़े एवं जूट के बैग, कंटेनरों तथा डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण और ऊर्जा संरक्षण को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर पर जोर

अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर कचरा पृथक्करण और उचित निस्तारण को बढ़ावा दिया जा रहा है। IRCTC तथा अन्य एजेंसियों के सहयोग से जैव-अवक्रमणीय एवं गैर-प्लास्टिक सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

रेलवे परिसरों में प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा, जल पुनर्भरण केंद्रों का निरीक्षण तथा यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने और पुनः भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही स्टेशनों पर विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पहल को बढ़ावा देने के लिए आने वाले दिनों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।