दौंड-मनमाड रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य: कई ट्रेनें निरस्त, बदले मार्ग और रीशेड्यूल

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और भविष्य में बेहतर रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए पुणे मंडल के दौंड-मनमाड रेलखंड में विसापुर, रांजणगाव और सारोला स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण कार्य के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य शुरू किया है। इसके चलते कई ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित तथा रीशेड्यूल करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम और तेज हो सकेगी। फिलहाल कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त

01922 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हडपसर विशेष ट्रेन 27 मई 2026 को निरस्त रहेगी।

01921 हडपसर-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी विशेष ट्रेन 28 मई 2026 को निरस्त रहेगी।

इन ट्रेनों का बदला गया मार्ग

रेल प्रशासन ने कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया है। इनमें 22590 हडपसर-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस, 12627 केएसआर बेंगलुरु-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 22685 यशवंतपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 11078 जम्मू तवी-पुणे एक्सप्रेस, 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस तथा 12780 हजरत निजामुद्दीन-वास्को द गामा एक्सप्रेस शामिल हैं।

इन ट्रेनों को पुणे-लोनावाला-कर्जत-पनवेल-कल्याण-नासिक रोड-मनमाड तथा सोलापुर-कुर्डूवाडी-लातूर रोड-परभणी-छत्रपति संभाजीनगर जैसे वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा।

कई ट्रेनें देरी से चलेंगी

रीशेड्यूल की गई ट्रेनों में 01415 पुणे-गोरखपुर विशेष, 05590 हडपसर-मुजफ्फरपुर विशेष तथा 01449 पुणे-दानापुर विशेष ट्रेन शामिल हैं।

01415 पुणे-गोरखपुर विशेष 28 और 30 मई को अपने निर्धारित समय से 8 घंटे देरी से रवाना होगी।

05590 हडपसर-मुजफ्फरपुर विशेष 28 मई को 8 घंटे विलंब से चलेगी।

01449 पुणे-दानापुर विशेष 30 मई को 3 घंटे देरी से रवाना होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन जानकारी रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस अथवा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।