यात्रियों को राहत: चर्लापल्ली से दानापुर के लिए चलेगी वन वे स्पेशल ट्रेन

प्रयागराज। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने चर्लापल्ली से दानापुर के बीच एक विशेष वन वे ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने और यात्रा को सुगम बनाने में मदद करेगी।

रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली-दानापुर वन वे विशेष ट्रेन का संचालन 27 मई 2026, बुधवार को किया जाएगा। यह ट्रेन एक फेरे के लिए चलाई जाएगी।

24 कोचों वाली होगी स्पेशल ट्रेन

विशेष ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 3 एसी द्वितीय श्रेणी, 5 एसी तृतीय श्रेणी, 10 स्लीपर कोच, 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।

दोपहर 1 बजे चर्लापल्ली से होगी रवाना

गाड़ी संख्या 07089 चर्लापल्ली से बुधवार दोपहर 1:00 बजे रवाना होगी। रास्ते में काजीपेट जंक्शन, रामगुंडम, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, गोंदिया, बालाघाट, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

यह विशेष ट्रेन गुरुवार रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और सीट उपलब्धता की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा हेल्पलाइन से प्राप्त कर लें।