रथ यात्रा 2026 को लेकर रेलवे अलर्ट, पुरी में 18 दिन तक पार्सल ट्रैफिक रहेगा बंद

रथ यात्रा 2026 को लेकर रेलवे अलर्ट, पुरी में 18 दिन तक पार्सल ट्रैफिक रहेगा बंद

विशेष ट्रेनें, एफटीआर कोच और आवक पार्सल सेवाओं पर भी लगेगी रोक

जोधपुर। विश्व प्रसिद्ध पुरी रथ यात्रा-2026 को लेकर रेलवे प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की भारी भीड़ और सुचारू रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए पूर्वी तट रेलवे ने 12 जुलाई से 29 जुलाई तक पुरी स्टेशन पर आने वाले पार्सल ट्रैफिक पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि रथ यात्रा और वापसी रथ यात्रा के दौरान पुरी में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण, यात्री सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष कदम उठाया गया है।रेलवे के अनुसार, इस अवधि में पुरी स्टेशन के लिए आवक पार्सल बुकिंग पूरी तरह बंद रहेगी। इसके साथ ही विशेष ट्रेनों, एफटीआर (फुल टैरिफ रेट) कोच, आरसी कोच और निरीक्षण यानों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है।रेलवे प्रशासन ने सभी जोनल रेलवे और मंडलों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि के दौरान पुरी के लिए कोई पार्सल बुकिंग स्वीकार न की जाए। वहीं आईआरसीटीसी को भी निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान पुरी, सखीगोपाल और मालतीपतपुर के लिए कोई विशेष टूर पैकेज या कार्यक्रम बुक न किए जाएं।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके और स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ का दबाव कम किया जा सके।