विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत जोधपुर मंडल में चला माइक्रो प्लास्टिक रोकथाम जागरूकता अभियान

जोधपुर। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित तीन साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था।अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं वाणिज्य निरीक्षकों ने स्टेशन परिसरों में कार्यरत वेंडरों को माइक्रो प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा इसे कम करने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। वेंडरों को पैकेजिंग सामग्री और प्लास्टिक उत्पादों के उचित निस्तारण के लिए प्रेरित किया गया, ताकि स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। वेंडरों को अपनी दुकानों और स्टॉल पर प्लास्टिक कचरे को अलग से ब्लू डस्टबिन में डालने के निर्देश दिए गए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।यह जागरूकता अभियान जोधपुर, जैसलमेर, पाली, भगत की कोठी और नागौर रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किया गया। इस दौरान यात्रियों को भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूक किया गया।यात्रियों ने रेलवे के इस प्रयास की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जोधपुर मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत अभियान को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।