पानी की बोतल महंगी बेचना पड़ा भारी, रेलवे ने लगाया 5 हजार का जुर्माना ओवरचार्जिंग की शिकायत सही मिलने पर स्टॉल अस्थायी रूप से बंद

पानी की बोतल महंगी बेचना पड़ा भारी, रेलवे ने लगाया 5 हजार का जुर्माना

ओवरचार्जिंग की शिकायत सही मिलने पर स्टॉल अस्थायी रूप से बंद

जोधपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलना एक खानपान स्टॉल संचालक को महंगा पड़ गया। जोधपुर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-4 स्थित खानपान इकाई पर पानी की बोतल के बदले अधिक पैसे लेने की शिकायत सही पाए जाने पर रेलवे प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही संबंधित स्टॉल को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि शनिवार को रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत में गाड़ी संख्या 20490 मथुरा जंक्शन-बाड़मेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री ने आरोप लगाया था कि प्लेटफार्म संख्या-4 स्थित स्टॉल पर विक्रेता ने पानी की बोतल के लिए यूपीआई के माध्यम से 20 रुपए वसूल किए।यात्री द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जांच में ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित खानपान इकाई पर नियमानुसार 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए रेलवे ने स्टॉल को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय भी लिया।रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से अधिक कीमत वसूलने की किसी भी प्रकार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है तो इसकी सूचना तुरंत रेल मदद पोर्टल या रेलवे हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।