अंबाला में 19वें रोजगार मेले का आयोजन, 120 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

अंबाला छावनी स्थित बीपीएस प्लैटोरियम के निकट सुभाष पार्क परिसर में 19वें रोजगार मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेलवे बोर्ड की एडिशनल मेंबर (एचआर) वीरावली जी भुमा एवं मंडल रेल प्रबंधक अंबाला विनोद भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रोजगार मेले में कुल 120 नव नियुक्त अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और रोजगार मेले युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

उन्होंने नव नियुक्त युवाओं को कर्मयोगी परामर्श ऑनलाइन ओरिएंटेशन कोर्स के माध्यम से स्वयं को प्रशिक्षित करने के लिए प्रेरित किया। यह कोर्स विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त कर्मचारियों के कौशल विकास के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान वीरावली भुमा एवं मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया द्वारा भारतीय रेल, बैंक, भारतीय डाक विभाग, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) तथा एमईएस सहित विभिन्न विभागों के 120 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर वीरावली भुमा ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव नियुक्त युवा अपने ज्ञान, कौशल और नए विचारों से संस्थानों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और देश को बेहतर सेवाएं प्रदान करेंगे।

अंत में मंडल रेल प्रबंधक अंबाला विनोद भाटिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय रेलवे अधिकारियों द्वारा सुव्यवस्थित रूप से किया गया।

यशनजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक