अम्बाला मण्डल ने अप्रैल 2026 में यात्री राजस्व का बनाया नया रिकॉर्ड 101.88 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई, 19.03% की वृद्धि दर्ज

अम्बाला मण्डल ने अप्रैल 2026 में यात्री राजस्व का बनाया नया रिकॉर्ड

101.88 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई, 19.03% की वृद्धि दर्ज

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मण्डल ने अप्रैल 2026 में यात्री राजस्व के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए अब तक का सर्वोच्च राजस्व अर्जित किया है। मण्डल ने अप्रैल 2026 के दौरान ₹101.88 करोड़ का यात्री राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष अप्रैल 2025 की तुलना में 19.03% अधिक है।

रेल प्रशासन के अनुसार, यह उपलब्धि मण्डल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया के मार्गदर्शन में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तैयार की गई चरणबद्ध योजनाओं, सघन टिकट जांच अभियानों, डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा तथा RailOne ऐप के माध्यम से बढ़ते डिजिटल भुगतान का परिणाम है। साथ ही रेलवे कर्मचारियों की सतत मेहनत को भी इस सफलता का प्रमुख कारण बताया गया है।

टिकट जांच से आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि

अप्रैल 2026 के दौरान टिकट जांच से मण्डल को ₹6,15,27,190 (लगभग ₹6.15 करोड़) की आय प्राप्त हुई, जो अप्रैल 2025 में प्राप्त ₹4.60 करोड़ की तुलना में 33.72% अधिक है।

रेलवे के अनुसार, सभी EFT मामलों को जोड़कर अप्रैल 2026 की कुल टिकट जांच आय ₹6,35,81,701 (लगभग ₹6.36 करोड़) रही।

9 मई को अभियान से 4.85 लाख की कमाई

यात्रियों की सुविधा एवं नियम पालन सुनिश्चित करने के लिए अम्बाला मण्डल द्वारा लगातार टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 9 मई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में लगभग ₹4.85 लाख का राजस्व अर्जित किया गया। इस दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

RailOne ऐप और ATVM से मिल रही सुविधा

अम्बाला मण्डल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें। रेलवे द्वारा शुरू किए गए RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3% तक की छूट का लाभ भी मिल सकता है। इसके अलावा मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर 46 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) भी स्थापित की गई हैं, जिससे यात्रियों को टिकट काउंटरों की लंबी कतारों से राहत मिल रही है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ये उपलब्धियां मण्डल द्वारा राजस्व वृद्धि, डिजिटल पहल और यात्रियों में टिकट नियमों के पालन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती हैं।

यशनजीत सिंह वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अम्बाला मण्डल