अंबाला मंडल में टॉप-10 टीटीई स्टाफ का सम्मान, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बढ़ाया उत्साह

अंबाला मंडल में टॉप-10 टीटीई स्टाफ का सम्मान, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बढ़ाया उत्साह

बेहतर कार्यशैली व उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कर्मचारियों को किया गया प्रोत्साहित

अंबाला। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल में यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने तथा कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 टिकट जांच स्टाफ (टीटीई) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष बैठक एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने चयनित कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे की छवि को और बेहतर बनाना तथा यात्री सेवाओं को अधिक उन्नत करना रहा। बैठक के दौरान यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार, पारदर्शिता, अनुशासन तथा सेवा गुणवत्ता में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई और कर्मचारियों से सुझाव भी लिए गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने से उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिससे यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों को उनके बेहतर कार्यशैली, उत्कृष्ट प्रदर्शन, राजस्व संरक्षण, यात्रियों की सहायता तथा अनुशासित कार्यप्रणाली के लिए सराहा और भविष्य में भी इसी समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार अप्रैल माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले टॉप-10 कर्मचारियों ने उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया। उप मुख्य टिकट निरीक्षक/अंबाला सिमरनजीत सिंह ने 16,46,750 रुपये, मुख्य टिकट निरीक्षक/अंबाला इंदरपाल सिंह ने 12,24,560 रुपये तथा मुख्य टिकट निरीक्षक/अंबाला आलोक कुमार ने 13,13,830 रुपये का राजस्व अर्जित किया। उप मुख्य टिकट निरीक्षक/अंबाला सुनील कुमार (पीपी) ने 7,71,070 रुपये तथा मुख्य टिकट निरीक्षक/अंबाला विजयपाल ने 11,59,360 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

इसके अतिरिक्त उप मुख्य टिकट निरीक्षक/सहारनपुर अमरनाथ पांडे ने 1,39,950 रुपये, उप मुख्य टिकट निरीक्षक/नंगल डैम ऊषा किरण ने 78,705 रुपये, उप मुख्य टिकट निरीक्षक/सहारनपुर राघवेंद्र ने 1,62,780 रुपये, उप मुख्य टिकट निरीक्षक/अंबाला सुरेश कुमार ने 68,700 रुपये तथा मुख्य टिकट निरीक्षक/सहारनपुर विजय कुमार गौतम ने 67,285 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यात्रियों के विश्वास पर खरा उतरने के लिए रेलवे को सेवा भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है। ऐसे सम्मान कार्यक्रम कर्मचारियों को प्रेरित करने के साथ-साथ रेलवे की सेवा गुणवत्ता को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।