चंडीगढ़ से वाराणसी जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, 04228 एसी स्पेशल ट्रेन शुरू

अम्बाला। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती भीड़ और यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने चंडीगढ़ से वाराणसी के लिए 04228 एसी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से उत्तर भारत से पूर्वांचल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।रेलवे द्वारा चलाई जा रही यह वातानुकूलित विशेष ट्रेन यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी। ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कुल 17 एसी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 05 कोच 2AC श्रेणी तथा 12 कोच 3AC श्रेणी के शामिल हैं।यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 06:00 बजे चंडीगढ़ स्टेशन से रवाना होकर अम्बाला छावनी, सहारनपुर, रूड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, रायबरेली और प्रतापगढ़ होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इस रूट पर आने वाले उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को भी इस ट्रेन का लाभ मिलेगा।रेलवे प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में नियमित ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट और भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में यह एसी स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी यात्रा की योजना बनाएं और टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही बुक कराएं।रेलवे की यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और यात्रा को सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।