मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का सराहनीय अभियान, झोपड़पट्टियों में आग से बचाव को लेकर लोगों को किया गया जागरूक

मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा स्कीम संख्या-15 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं, लखनऊ के आदेश से 08 मई 2026 के आदेशानुसार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 10 मई से 20 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में 19 मई 2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में अग्निशमन केंद्र अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ एवं बिलारी के प्रभारी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाली दुर्बल, निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लकड़ी के चूल्हे की आग तथा कुकिंग गैस सिलेंडर एवं छोटे सिलेंडर से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और आमजन को सतर्क एवं सुरक्षित बनाना रहा।अभियान के दौरान जनपद में कुल 09 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 130 लोगों को आग से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। फायर सर्विस कर्मियों ने लोगों को बताया कि झोपड़पट्टियों में आग लगने की घटनाएं अक्सर चूल्हे से उड़ने वाली चिंगारी, सिलेंडर में लीकेज, रेगुलेटर या पाइप की खराबी तथा लूज विद्युत तारों के कारण होती हैं, जिन्हें समय रहते सावधानी अपनाकर रोका जा सकता है।फायर विभाग द्वारा लोगों को गैस उपकरणों की नियमित जांच, सुरक्षित स्थान पर भोजन पकाने, ज्वलनशील वस्तुओं को आग से दूर रखने तथा विद्युत वायरिंग को दुरुस्त रखने जैसी आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही यह भी संदेश दिया गया कि सतर्कता और जागरूकता ही आग की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।अग्निशमन विभाग की इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने सराहा और अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए भविष्य में सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। यह अभियान जनपद में जनसुरक्षा को मजबूत करने तथा अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक प्रशंसनीय कदम माना जा रहा है।