झोपड़पट्टियों में आग से बचाव को लेकर दमकल विभाग का जागरूकता अभियान तेज

झोपड़पट्टियों में आग से बचाव को लेकर दमकल विभाग का जागरूकता अभियान तेज

लकड़ी के चूल्हे और गैस सिलेंडर से होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए 9 स्थानों पर चलाया अभियान, 130 लोगों को किया जागरूक

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं लखनऊ के आदेश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशानुसार जनपद मुरादाबाद में स्कीम संख्या-15 के अंतर्गत आग से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 10 मई 2026 से 20 मई 2026 तक जिले के दुर्बल/निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 18 मई 2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जनपद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों हैलट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ एवं बिलारी के प्रभारी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत झोपड़पट्टी एवं गरीब बस्तियों में अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान लोगों को लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर, एवं छोटे सिलेंडर के कारण होने वाली आगजनी की घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही सुरक्षित खाना पकाने, गैस लीकेज की पहचान, सिलेंडर की सही जांच और आग लगने की स्थिति में त्वरित बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी गई।

दमकल विभाग द्वारा बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत जनपद में कुल 9 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 130 नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गरीब एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग की घटनाओं को रोकना है, ताकि जन-धन की हानि से बचा जा सके।

अग्निशमन विभाग ने आमजन से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दें।