“आग लगे तो घबराना नहीं, मुरादाबाद फायर ब्रिगेड है पूरी तरह ‘फुल टैंक’ तैयार!”

अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर, मुरादाबाद में मॉक ड्रिल से बढ़ी आपदा से निपटने की तैयारी

मुरादाबाद। जनपद में अग्निशमन विभाग की तैयारियों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अग्निशमन वाहनों और उपकरणों की क्रियाशीलता बनाए रखना तथा अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यकुशलता और शारीरिक दक्षता को बेहतर बनाना रहा।

अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में माह के प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से मॉक ड्रिल, उपकरणों की जांच, साफ-सफाई और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 19 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी स्थित अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध सभी अग्निशमन कर्मियों को फालिन कर प्रशिक्षण दिया गया।

ड्रिल के दौरान कर्मियों को टेंडर पर मौजूद उपकरणों की क्षमता, उपयोग विधि और रेस्क्यू कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी उपकरणों की सफाई कर उन्हें आपात स्थिति में तत्काल उपयोग हेतु तैयार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की नियमित ड्रिल से कर्मचारियों की तत्परता बढ़ती है और किसी भी आगजनी या आपदा की स्थिति में त्वरित राहत व बचाव कार्य सुनिश्चित होता है।

इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभाग हर स्तर पर तैयारियों को लगातार मजबूत कर रहा है।