मध्य रेल की सख्त कार्रवाई: विदेशी पर्यटक कोटा के दुरुपयोग पर शिकंजा, 39 मामले पकड़े गए

मुंबई। मध्य रेल ने विदेशी पर्यटक (Foreign Tourist-FT) कोटा के दुरुपयोग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में 39 PNR अनियमित पाए गए, जबकि 121 यात्रियों को बिना वैध दस्तावेजों के यात्रा करते हुए पकड़ा गया। रेलवे ने नियमों के तहत 3.56 लाख रुपये (₹3,56,916) का जुर्माना वसूल किया है।

मध्य रेल के अनुसार यह मामला 04 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 12296 संगमित्रा एक्सप्रेस में सामने आया, जहां कुछ भारतीय यात्री विदेशी पर्यटक कोटा के टिकट पर आवश्यक विदेशी दस्तावेजों के बिना यात्रा कर रहे थे।

इसके बाद मध्य रेल ने FT कोटा के तहत भविष्य की तिथियों में की गई बुकिंग का विस्तृत विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि 24 अप्रैल 2026 से 11 जून 2026 के बीच 31 ट्रेनों में कुल 174 मूल PNR FT कोटे के तहत जारी किए गए थे।

FT कोटा टिकटों की प्रामाणिकता की जांच के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 39 PNR संदिग्ध पाए गए और कुल 121 यात्रियों पर रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई।

रेलवे ने ऐसे यात्रियों को बर्थ पर यात्रा की अनुमति नहीं दी और बाद में ये सीटें RAC/प्रतीक्षा सूची में मौजूद वास्तविक पात्र यात्रियों को आवंटित कर दी गईं।

मध्य रेल ने इस मामले में IRCTC से भी जानकारी मांगी है ताकि किसी अधिकृत एजेंट या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का पता लगाया जा सके। मामले की जांच अभी जारी है।

मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि अयोग्य कोटे के तहत टिकट बुक करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टिकट बुक करते समय सही श्रेणी चुनें और यात्रा के दौरान आवश्यक वैध पहचान पत्र व दस्तावेज साथ रखें।

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी अनियमितता की जानकारी 139, रेल मदद ऐप, या नजदीकी रेलवे कर्मियों को तुरंत दें।

यह जानकारी डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल द्वारा दी गई।