मध्य रेल के मुंबई मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, अप्रैल में टिकट जांच से ₹16.13 करोड़ की रिकॉर्ड आय

मध्य रेल के मुंबई मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, अप्रैल में टिकट जांच से ₹16.13 करोड़ की रिकॉर्ड आय

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल ने टिकट जांच के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए अप्रैल 2026 में ₹16.13 करोड़ की ऐतिहासिक टिकट जांच आय अर्जित की है। यह अब तक की सर्वाधिक मासिक टिकट जांच आय है, जिसने मई 2023 में दर्ज ₹14.50 करोड़ के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, टिकट जांच कर्मचारियों की सतर्कता और विशेष अभियान के चलते यह बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मुंबई मंडल लगातार नए मानक स्थापित कर रहा है और अनियमित यात्रा पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

अनियमित यात्रा के मामलों में 56% की वृद्धि

अप्रैल 2026 में मेल एवं एक्सप्रेस तथा उपनगरीय ट्रेनों (एसी लोकल सहित) में टिकट जांच टीमों ने अनियमित यात्रा के 2.27 लाख मामलों का पता लगाया। वहीं अप्रैल 2025 में यह संख्या 1.45 लाख थी। इस प्रकार मामलों में 56% की वृद्धि दर्ज की गई।

इस दौरान ₹16.13 करोड़ की वसूली की गई, जो अप्रैल 2025 में हुई ₹6.07 करोड़ की तुलना में 166% अधिक है।

द्वितीय श्रेणी में विशेष अभियान से बढ़ी वसूली

रेलवे द्वारा द्वितीय श्रेणी कोचों में सघन जांच अभियान चलाए गए, जिससे अप्रैल 2026 में 1.58 लाख मामले दर्ज हुए। अप्रैल 2025 में यह संख्या 1.05 लाख थी, यानी 50% की वृद्धि हुई।

इन मामलों में जुर्माने के रूप में ₹13.06 करोड़ की वसूली की गई, जो अप्रैल 2025 की ₹5.03 करोड़ वसूली की तुलना में 160% अधिक है।

एसी लोकल में भी कार्रवाई तेज

एसी लोकल ट्रेनों में अनियमित यात्रा रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए गए। अप्रैल 2026 में 12,698 मामले सामने आए, जबकि अप्रैल 2025 में 10,420 मामले थे। इसमें 22% की वृद्धि दर्ज की गई।

एसी लोकल में जुर्माने से ₹39.66 लाख की वसूली हुई, जो पिछले वर्ष के ₹34.39 लाख की तुलना में 15% अधिक है।

अन्य श्रेणियों में भी बड़ी कार्रवाई

अप्रैल 2026 में अन्य श्रेणियों में भी व्यापक टिकट जांच की गई।

प्रथम श्रेणी कोच: 11,877 मामले, ₹3.79 करोड़ जुर्माना

मेल/एक्सप्रेस में किराया अंतर: 35,785 मामले, ₹2.20 करोड़ जुर्माना

बिना बुक किया गया सामान: 8,723 मामले, ₹9.95 लाख जुर्माना

यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा की अपील

मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा मेल एवं एक्सप्रेस, लोकल ट्रेनें (एसी एवं नॉन-एसी) तथा स्टेशनों पर लगातार विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य बिना टिकट या अनियमित टिकट यात्रा पर रोक लगाना और ईमानदार यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके। रेलवे ने बिना टिकट यात्रा के प्रति अपनी शून्य-सहनशीलता नीति दोहराते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा सुविधा देना उसकी प्राथमिकता है।

सुरक्षित यात्रा करें | जिम्मेदारी से यात्रा करें | गरिमा के साथ यात्रा करें

डॉ. स्वप्निल निला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल