प्रयागराज मंडल में चला सघन टिकट चेकिंग अभियान, अप्रैल में 1.13 लाख यात्रियों पर कार्रवाई

प्रयागराज। रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयागराज मंडल में बिना टिकट व अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध निरंतर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अप्रैल माह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 13 हजार 706 यात्रियों को बिना टिकट/अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया।

रेलवे द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 8 करोड़ 60 लाख 99 हजार 396 रुपये से अधिक का राजस्व जुर्माने के रूप में वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा करना तथा ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखना है।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बिना टिकट यात्रा करने वाले 57,120 यात्रियों से 5 करोड़ 30 लाख 32 हजार 819 रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 55,079 यात्रियों से 3 करोड़ 28 लाख 53 हजार 430 रुपये तथा अनबुक्ड लगेज से संबंधित मामलों में 1507 यात्रियों से 2 लाख 13 हजार 147 रुपये जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करें। रेलवे ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं स्वच्छ यात्रा सुविधा मिलती रहे।

इस अभियान को रेलवे की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे मंडल में अनुशासन और यात्रियों की सुविधा दोनों में सुधार होगा।