प्रयागराज मंडल में अनावश्यक चेन पुलिंग के खिलाफ अभियान तेज, चार माह में 1171 गिरफ्तार

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल में ट्रेनों के सुचारू संचालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेल प्रशासन द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेल प्रशासन के अनुसार अनावश्यक चेन पुलिंग से न केवल ट्रेनों की समयबद्धता प्रभावित होती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।

इस अभियान के अंतर्गत 01 जनवरी 2026 से 29 अप्रैल 2026 तक कुल 1171 लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं केवल अप्रैल 2026 में ही 312 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

रेल प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में 274, फरवरी में 244, मार्च में 341 तथा अप्रैल में 312 लोगों को अनावश्यक चेन पुलिंग के आरोप में पकड़ा गया।

स्टेशनवार गिरफ्तारी में कानपुर सेंट्रल 170 के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि टूंडला में 126, इटावा में 93, प्रयागराज जंक्शन में 91, नैनी में 85, अलीगढ़ में 75 और मिर्जापुर में 71 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा फतेहपुर (68), फफूंद (64), शिकोहाबाद (49), प्रयागराज छिवकी (45), सूबेदारगंज (41), मानिकपुर (39) सहित अन्य स्टेशनों पर भी कार्रवाई की गई।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक चेन पुलिंग न करें, क्योंकि यह एक दंडनीय अपराध है, जिसमें जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है। अनावश्यक चेन पुलिंग से यात्रियों को परेशानी होती है और ट्रेन संचालन प्रभावित होता है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल