प्रयागराज मंडल में अप्रैल माह में 33 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, 11.48 करोड़ रुपये का समापन भुगतान

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में माह अप्रैल 2026 के दौरान कुल 33 रेलकर्मी सेवानिवृत्त हुए। इनमें सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सामान्य) दिनेश कुमार भी शामिल रहे, जो दिनांक 30.04.2026 को सेवानिवृत्त हुए।

सेवानिवृत्त श्री दिनेश कुमार ने अपने रेलवे कैरियर की शुरुआत वर्ष 1995 में रेलवे भर्ती बोर्ड चंडीगढ़ से चयनित होकर की थी। उनकी पहली नियुक्ति अक्टूबर 1995 में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय दिल्ली में मुख्य विधि सहायक के पद पर हुई। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2003 से 2019 तक उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में सेवाएं दीं।

दिसंबर 2019 में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पद पर चयन के बाद उन्होंने जून 2021 तक झांसी मंडल में कार्य किया। इसके उपरांत जून 2021 से अगस्त 2021 तक झांसी स्टेशन पर स्टेशन निदेशक के रूप में सेवाएं दीं तथा अगस्त 2021 से अप्रैल 2026 तक प्रयागराज मंडल में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) के पद पर कार्यरत रहे।

इस अवसर पर सुरक्षित एवं संरक्षित ट्रेन संचालन में योगदान के लिए हरकीरत सिंह (लोको निरीक्षक/कानपुर), संतोष कुमार तिवारी (लोको पायलट/कानपुर), अशफाक अहमद (पॉइंट्समैन/खुर्जा), गोपाल सिंह (पॉइंट्समैन/खुर्जा), महामती (पॉइंट्समैन/कानपुर) तथा रामलखन (पॉइंट्समैन/बलरई) को ?एक्सीडेंट फ्री अवार्ड? से सम्मानित किया गया।

रेल प्रशासन द्वारा बताया गया कि अप्रैल माह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कुल लगभग ₹11,48,57,922 (करीब 11.48 करोड़ रुपये) का समापन भुगतान नियमानुसार डिजिटल माध्यम से किया गया।

प्रयागराज मंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी के.एल. जायसवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान से संबंधित समस्त प्रपत्र प्रदान किए और उनके योगदान की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी रूपेश कुमार सुमन ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले भुगतान, मानार्थ पास, HRMS तथा UMID से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्मिक एवं लेखा विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल