बारिश भी नहीं रोक सकी श्रद्धालुओं की आस्था, वैष्णो देवी यात्रा रही लगातार जारी

कटड़ा। लगातार हो रही रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां वैष्णो देवी की यात्रा श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के साथ लगातार जारी रही। खराब मौसम ने जहां एक ओर यात्रा को चुनौतीपूर्ण बना दिया, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं के उत्साह और श्रद्धा में कोई कमी नजर नहीं आई।

बुधवार सुबह से ही कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में हल्की बारिश होती रही, साथ ही ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद श्रद्धालु पूरे जोश और भक्ति भाव के साथ पंजीकरण करवाकर बरसाती एवं गर्म कपड़े पहनकर माता रानी के दर्शन के लिए भवन की ओर रवाना होते रहे।

यात्रा मार्ग पर जगह-जगह कंकड़-पत्थर और कीचड़ होने के कारण श्रद्धालुओं को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ना पड़ा, लेकिन माता के जयकारों के बीच उनका विश्वास और उत्साह लगातार बना रहा। कई श्रद्धालु परिवार सहित तो कई मित्रों के साथ यात्रा करते हुए नजर आए।

प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद

खराब मौसम को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल यात्रा मार्ग पर लगातार तैनात रहा। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरती गई। वहीं श्राइन बोर्ड के सफाई कर्मचारी भी यात्रा मार्ग को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार सफाई अभियान में जुटे रहे, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा मिल सके।

हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित, अन्य सेवाएं रहीं सुचारु

लगातार बारिश के कारण बुधवार को हेलीकॉप्टर सेवा अधिकांश समय प्रभावित रही और कई बार स्थगित करनी पड़ी। हालांकि मौसम में सुधार आने के बाद इसे फिर से शुरू कर दिया गया। दूसरी ओर बैटरी कार सेवा और रोपवे सेवा बिना किसी रुकावट के लगातार चलती रही, जिससे यात्रियों को राहत मिली। इसके अलावा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का भी श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ उठाया।

भैरव घाटी में भी श्रद्धालुओं की भीड़

दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा को पूर्ण करते नजर आए। बारिश और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के चेहरे पर संतोष और भक्ति का भाव साफ झलक रहा था।

5 बजे तक 16 हजार श्रद्धालु भवन रवाना

बुधवार शाम 5 बजे तक करीब 16 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि यात्रियों का आगमन लगातार जारी रहा।

श्रद्धालुओं की इस भारी संख्या ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मौसम चाहे जैसा भी हो, माता वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था कभी कमजोर नहीं पड़ती।