जम्मू-श्रीनगर के बीच 20 कोच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू, 2 मई से आम जनता के लिए सेवा

श्रीनगर। जम्मू और श्रीनगर के बीच चलने वाली बहुप्रतीक्षित 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार 30 अप्रैल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। आम यात्रियों के लिए यह सेवा 2 मई 2026 से नियमित रूप से शुरू होगी।

इस नई सीधी रेल सेवा के शुरू होने से जम्मू और कश्मीर की दोनों राजधानियों जम्मू व श्रीनगर के बीच यात्रा समय में कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और हर मौसम में विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेन जम्मू तवी से अपनी पहली यात्रा शुरू कर घाटी के चुनौतीपूर्ण पहाड़ी और सुरंग मार्गों से गुजरते हुए श्रीनगर तक पहुंचेगी। वहीं श्रीनगर से भी एक ट्रेन जम्मू के लिए रवाना होगी। ट्रेन कुल लगभग 267 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी, जबकि मंगलवार को इसका संचालन नहीं होगा। सेवा शुरू होने से पहले मंगलवार को जम्मू से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक ट्रेन का ट्रायल भी किया गया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून 2025 को कटरा से श्रीनगर के बीच पहली सीधी रेल सेवा का उद्घाटन किया था। अब इस सेवा का विस्तार जम्मू तवी रेलवे स्टेशन तक किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सीधे जम्मू से श्रीनगर तक यात्रा की सुविधा मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि स्वदेशी तकनीक से निर्मित इस वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें सुरक्षा के लिए ?कवच? सुरक्षा प्रणाली, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, तथा आरामदायक रिवॉल्विंग सीटें जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि यह सेवा न केवल यात्रा को तेज और आरामदायक बनाएगी, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नई 20 कोच वाली ट्रेन से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और पर्यटन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले कटरा-श्रीनगर के बीच केवल 8 कोच वाली ट्रेन चल रही थी, जिससे क्षमता सीमित थी, लेकिन अब 20 कोच होने से ज्यादा लोग यात्रा कर सकेंगे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत सेवा शुरू होने से जम्मू-कश्मीर के विकास, पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है।