मौसम बदला, फिर भी नहीं थमी वैष्णो देवी यात्रा, श्राइन बोर्ड की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को राहत

कटड़ा। मौसम के बदलते मिजाज और हल्की बारिश के बावजूद मंगलवार को माता वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह निर्बाध जारी रही। बादलों की आवाजाही, ठंडी हवाओं और फुहारों के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। शाम पांच बजे तक करीब 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कर भवन की ओर प्रस्थान किया, जबकि देर शाम तक यात्रियों का आगमन लगातार जारी रहा।

दिनभर मौसम पल-पल बदलता रहा। दोपहर बाद आसमान में बादलों का जमावड़ा लगा और हल्की बारिश ने वातावरण को सुहावना बना दिया। बावजूद इसके श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग पर जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। ठंडी हवाओं के चलते चढ़ाई के दौरान यात्रियों को गर्मी से राहत भी मिली। शाम होते-होते मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई, जिससे यात्रा मार्ग पर और भी अनुकूल स्थिति बन गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा की गई व्यवस्थाएं पूरी तरह प्रभावी रहीं। कटड़ा से भवन तक हेलीकॉप्टर सेवा नियमित रूप से संचालित होती रही, वहीं मार्ग पर बैटरी कार सेवा भी सुचारु रही। इसके साथ ही भवन से भैरव घाटी के बीच रोपवे सेवा भी पूरे दिन निर्बाध रूप से चलती रही। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी पारंपरिक सेवाएं भी यात्रियों के लिए उपलब्ध रहीं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सुविधा मिली।

यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। श्राइन बोर्ड के साथ पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और सीआरपीएफ के जवान विभिन्न प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे और व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखी। बोर्ड द्वारा समय-समय पर यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

हालांकि मौजूदा दिनों में यात्रा में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार बना हुआ है। बदलते मौसम के बीच भी यात्रा का निर्बाध संचालन श्राइन बोर्ड की बेहतर तैयारी और मजबूत प्रबंधन व्यवस्था को दर्शाता है। श्रद्धालुओं ने सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्राइन बोर्ड की व्यवस्थाओं के कारण यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक हो गई है।