कश्मीर घाटी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस तैयार, ट्रायल सफल

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में जम्मू से श्रीनगर के बीच वंदे भारत उद्घाटन विशेष ट्रेन (ट्रेन संख्या 02601) का शुभारंभ 30 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को किया जाएगा।

यह अत्याधुनिक 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन अपनी पहली यात्रा जम्मू तवी स्टेशन से प्रारंभ करेगी और घाटी के चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों से होकर श्रीनगर तक पहुंचेगी। यह सेवा जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि मानी जा रही है।

इस महत्वपूर्ण सेवा के शुभारंभ से पहले 28 अप्रैल को जम्मू से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक वंदे भारत ट्रेन का सफल ट्रायल रन भी किया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार उद्घाटन अवसर पर चलने वाली यह ट्रेन 267 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्वदेशी तकनीक से निर्मित वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों को बेहतर सुविधा और उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन में कवच सुरक्षा प्रणाली, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, तथा आरामदायक रोटेटिंग सीटों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि यह सेवा न केवल यात्रा समय को कम करेगी, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, व्यापार और पर्यटन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि जम्मू से श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत जम्मू-कश्मीर में विकास और कनेक्टिविटी को नई गति देगी तथा यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाएगी।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल