तरण चुघ ने माता वैष्णो देवी के दरबार में टेका माथा, क्षेत्र में शांति और विकास की कामना

जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रभारी तरण चुघ ने अपने परिवार के साथ जम्मू स्थित पवित्र माता वैष्णो देवी के दर्शन किए और क्षेत्र में शांति, समृद्धि तथा निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की। दर्शन के दौरान उन्होंने माता रानी से देशवासियों के कल्याण एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने की कामना की।

तरण चुघ ने कहा कि माता वैष्णो देवी के आशीर्वाद से देश निर्माण के लिए प्रेरणा और शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर शांति, स्थिरता और विकास के मार्ग पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि माता वैष्णो देवी जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों का आध्यात्मिक वातावरण समाज में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करता है। चुघ ने कहा कि उन्होंने प्रत्येक नागरिक की खुशहाली तथा देश में सौहार्द और भाईचारे के लिए भी विशेष प्रार्थना की है।

दर्शन के दौरान तरण चुघ ने श्रद्धालुओं से बातचीत भी की और यात्रियों के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यवस्थाओं के कारण अब श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक अनुभव मिल रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करते हैं।