केंद्रीय चिकित्सालय प्रयागराज में ‘आठवां पोषण पखवाड़ा’ संपन्न 179 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, 603 रेलकर्मियों व परिजनों ने लिया जागरूकता कार्यक्रमों में भाग

केंद्रीय चिकित्सालय प्रयागराज में 'आठवां पोषण पखवाड़ा' संपन्न

179 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, 603 रेलकर्मियों व परिजनों ने लिया जागरूकता कार्यक्रमों में भाग

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज द्वारा 9 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक 'आठवां पोषण पखवाड़ा' उत्साह और सफलता के साथ आयोजित किया गया। इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों, विशेष रूप से बच्चों के बीच स्वास्थ्य और सही पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस कार्यक्रम का सफल आयोजन चिकित्सा निदेशक डॉ. एस. के. हंडू एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेंद्रनाथ के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। उनके दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित सभी गतिविधियों ने अपने निर्धारित उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

पोषण पखवाड़े के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। डॉ. कल्पना मिश्रा, डॉ. अनुराग यादव, डॉ. सिद्रा और डॉ. रोहित कुमार की विशेषज्ञ टीम द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 179 बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने बच्चों के विकास मानकों की जांच कर अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को समझाने के लिए विभिन्न रचनात्मक माध्यम अपनाए गए। विशेषज्ञ डॉक्टरों और डायटीशियन द्वारा कुल 4 बड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आम लोगों को सरल तरीके से पोषण की जानकारी देने के लिए प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का भी मंचन किया गया, जिससे जागरूकता संदेश अधिक प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंच सका।

इन सभी कार्यक्रमों में कुल 603 रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह आयोजन न केवल रेल परिवार के बीच स्वास्थ्य चेतना बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरणा भी प्रदान करता है।