“स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन” के संदेश के साथ प्रयागराज लॉबी में योग व एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर आयोजित

?स्वस्थ कर्मी?सुरक्षित संचालन? के संदेश के साथ प्रयागराज लॉबी में योग व एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर आयोजित

लोको पायलट-गार्ड सहित 60 रनिंग स्टाफ ने लिया प्रशिक्षण, तनावमुक्त जीवनशैली पर दिया गया जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अंतर्गत लोको पायलट एवं गार्ड लॉबी प्रयागराज में बुधवार को योग एवं एक्यूप्रेशर जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ?स्वस्थ कर्मी?सुरक्षित संचालन? के लक्ष्य को साकार करते हुए रेल संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले रनिंग स्टाफ को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त बनाना रहा।

इस कार्यक्रम में प्रख्यात योगाचार्य जे.पी. श्रीवास्तव एवं एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण उपचार संस्थान के विशेषज्ञ पंकज माहेश्वरी, प्रमोद कुमार, अनिल सिंह और ममता विश्वकर्मा ने अपनी-अपनी विधा से प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर में प्रयागराज एवं छिवकी के करीब 60 रनिंग कर्मियों एवं लोको निरीक्षकों ने भाग लिया।

योगाचार्य जे.पी. श्रीवास्तव ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन एवं सूर्य नमस्कार जैसे योगासनों का अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योग से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि एकाग्रता, सतर्कता और निर्णय क्षमता भी बढ़ती है, जो सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए बेहद जरूरी है।

इसके बाद एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ पंकज माहेश्वरी ने एक्यूप्रेशर की वैज्ञानिक पद्धति और शरीर के प्रमुख प्रेशर पॉइंट्स की जानकारी दी। वहीं ममता विश्वकर्मा और अनिल सिंह ने कलर थेरेपी एवं सीड थेरेपी के माध्यम से रोगों की रोकथाम और उपचार के उपाय समझाए। प्रमोद कुमार ने पीपीटी के जरिए एक्यूप्रेशर तकनीकों को सरल तरीके से प्रस्तुत करते हुए ऊर्जा, एकाग्रता और बेहतर स्वास्थ्य के प्रयोगात्मक सुझाव दिए।

शिविर के दौरान रनिंग कर्मियों ने ड्यूटी के दौरान होने वाली समस्याओं जैसे सुबह नींद या सुस्ती, कंधों में जकड़न, पाचन कमजोरी, शुगर और ब्लड प्रेशर आदि विषयों पर विशेषज्ञों से चर्चा की। विशेषज्ञों ने इन समस्याओं के कारण बताते हुए योग, प्राणायाम एवं एक्यूप्रेशर से व्यावहारिक समाधान सुझाए।

शिविर के आयोजक मुख्य क्रू नियंत्रक (सा.) प्रयागराज वासुदेव पाण्डेय ने सभी विशेषज्ञों का आभार जताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और मानसिक संतुलन ही संरक्षित संचालन की आधारशिला है। उन्होंने रनिंग कर्मियों को क्वालिटी रेस्ट और एकाग्रचित्त होकर कार्य करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य क्रू नियंत्रक (परि.) प्रयागराज विजय कुमार गर्ग, मुख्य क्रू नियंत्रक प्रयागराज छिवकी (परि.) एस.एन. द्विवेदी, मुख्य लोको निरीक्षक विजय बहादुर एवं वी.के. सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।