प्रयागराज स्टेशन पर यार्ड कार्य: 9 ट्रेनें डायवर्ट, कई ट्रेनों का ठहराव और समय बदला

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि प्रयागराज स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते पूर्व में घोषित कुछ ट्रेनों के संचालन में संशोधन किया गया है। इस कार्य के कारण कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन, आंशिक शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन, रेग्युलेशन तथा रीशेड्यूलिंग में बदलाव लागू किया गया है।

रेलवे के अनुसार सबसे पहले कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया गया है। कानपुर सेंट्रल से गुवाहाटी जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन संख्या 04127 अब प्रयागराज होकर न जाकर उन्नाव, लखनऊ और वाराणसी के रास्ते चलेगी। इसी प्रकार गाजीपुर सिटी से हुबली जाने वाली ट्रेन संख्या 07338 अब वाराणसी से प्रयागराज होकर कानपुर सेंट्रल की जगह जौनपुर जंक्शन, लखनऊ होते हुए कानपुर सेंट्रल जाएगी। भटिंडा से बल्लूरघाट जाने वाली त्रि-साप्ताहिक ट्रेन संख्या 15734 भी अब गाजियाबाद से कानपुर सेंट्रल के स्थान पर लखनऊ और वाराणसी होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बलिया जाने वाली ट्रेन संख्या 11071 को मानिकपुर से प्रयागराज जंक्शन और प्रयाग जंक्शन के बजाय प्रयागराज छिवकी, वाराणसी सिटी और जौनपुर सिटी होकर औंड़िहार के रास्ते चलाया जाएगा। वहीं बलिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 11072 का मार्ग भी बदला गया है, जो अब प्रयागराज क्षेत्र से न गुजरते हुए जंघई, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, भीमसेन, झांसी और बीना होकर संचालित होगी।

इसके अलावा आनंद विहार टर्मिनस से कामाख्या जाने वाली 12506, आनंद विहार से जोगबनी जाने वाली 12488, आनंद विहार से पुरी जाने वाली 12816 और बाड़मेर से हावड़ा जाने वाली 12324 ट्रेनें अब गाजियाबाद से प्रयागराज होकर मिर्जापुर की जगह मुरादाबाद, लखनऊ और वाराणसी होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के मार्ग से जाएंगी। रेलवे ने बताया कि कुछ ट्रेनों के पूर्व घोषित डायवर्ट मार्ग में भी संशोधन किया गया है।

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रयागराज छिवकी के रास्ते डायवर्ट की गई सभी ट्रेनों का निर्धारित अवधि में प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा। इसमें अहमदाबाद-दरभंगा, दरभंगा-अहमदाबाद, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर, रक्सौल-लोकमान्य तिलक, पुणे-दरभंगा, दादर-बलिया, बनारस-पुणे, छपरा-दुर्ग, रांची-लोकमान्य तिलक, हावड़ा-जोधपुर, बीकानेर-हावड़ा, सियालदह-अजमेर सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।

यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट भी किया गया है। चोपन से प्रयागराज जंक्शन आने वाली ट्रेन संख्या 13309 अब 20 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज छिवकी के बजाय करछना स्टेशन पर समाप्त होगी और करछना पर इसका आगमन समय 12:30 बजे रहेगा। वहीं प्रयागराज जंक्शन से चोपन जाने वाली ट्रेन संख्या 13310 इसी अवधि में करछना स्टेशन से संचालित होगी और करछना से इसका प्रस्थान समय 15:25 बजे रहेगा। इसके अलावा पहले पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से सूबेदारगंज जाने वाली ट्रेन संख्या 63237/63238 को 30 अप्रैल को प्रयागराज छिवकी पर शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन करने की सूचना दी गई थी, लेकिन अब यह निर्णय निरस्त कर दिया गया है और ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित मार्ग पर ही चलेगी।

रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों को रेग्युलेट भी किया जाएगा। पनवेल से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 15066 को 29 अप्रैल 2026 से उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल में 90 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 12598 को 29 अप्रैल से पश्चिम मध्य रेलवे में 120 मिनट और उत्तर मध्य रेलवे में भी 120 मिनट रेग्युलेट किया जाएगा।

रीशेड्यूलिंग में भी संशोधन किया गया है। भटिंडा से बालुरघाट जाने वाली ट्रेन संख्या 15734/15744 को पहले 240 मिनट विलंब से चलाने की सूचना थी, लेकिन अब इसे संशोधित करते हुए 21 अप्रैल 2026 से 28 अप्रैल 2026 तक भटिंडा से केवल 120 मिनट की देरी से चलाया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी स्टेशन, हेल्पलाइन या एनटीईएस के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।